पीलीभीत। सपा कार्यालय खाली कराने की अटकलों के बीच मंगलवार को नगरपालिका की ओर से कार्यालय के बाहर दोबारा नोटिस चस्पा किया गया। वहीं, सपा जिलाध्यक्ष की ओर से नगर पालिका के नोटिस का नौ बिंदुओं पर जवाब देते हुए आपत्ति जताई है।
शहर के नकटादाना स्थित नगर पालिका के ईओ के आवास पर वर्ष 2005 से सपा कार्यालय संचालित किया जा रहा है। एक माह पूर्व से कार्यालय को खाली कराने के लिए नगर पालिका की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। इसको लेकर 10 जून को नगर पालिका के ईओ संजीव कुमार समेत प्रशासनिक अफसरों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ कार्यालय को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तीन घंटे तक चली जद्दोजहद के बाद ईओ की ओर से छह दिन का समय देने पर सहमति दी गई थी। इसके बाद सपा की ओर से सीनियर जज सिविल डिवीजन के यहां वाद दाखिल किया गया। जिससे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया था।
इधर, तय तिथि के अनुसार मंगलवार को कार्यालय खाली होना था, लेकिन दिनभर कोई हलचल नहीं हो सकी। नगर पालिका की ओर से दोपहर के समय सपा कार्यालय के बाहर नोटिस चस्पा किया गया। इसमें कहा गया कि मंगलवार रात तक स्वयं कार्यालय खाली नहीं किया गया तो बुधवार को भवन को खाली कराया जाएगा। इस मामले में सपा के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा की ओर से नोटिस का जवाब दाखिल किया गया है। इसमें कोर्ट में दायर वाद समेत नौ बिंदुओं का जिक्र करते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई है।