केंद्रीय मंत्री के प्रयासों से वेदांता फाउंडेशन की ओर से जिले में 16 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण शुरू कराया गया था लेकिन एक साल बीतने के बाद भी एक भी केंद्र का निर्माण पूरा नहीं हो सका है।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के प्रयासों पर वेदांता फाउडेंशन की ओर से मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र (नंदगांव) बनाने को स्वीकृति मिली थी। आधुनिक साज सज्जा से पूर्ण इन केंद्रों के निर्माण का सारा खर्चा और जिम्मा वेेदांता ग्रुप ही उठा रहा है। विभाग को केवल जमीन उपलब्ध करानी थी। एक साल पहले जमीन मिलने के बाद जिले में पहले चरण में स्वीकृत 16 में से एक भी मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ है। इस बाबत जानकारी करने पर डीपीओ राजकपूर ने बताया कि इन आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण का विभाग से फिलहाल कोई संबंध नहीं है। निर्माण पूरा होने के बाद उन्हें हैंडओवर किए जाएंगे। जल्द इन केंद्रों का केंद्रीय मंत्री के हाथों शुभारंभ कराया जाएगा।
बीएडीपी से बनेंगे पांच आंगनबाड़ी केंद्र
एक ओर जहां वेदांता फाउंडेशन की ओर से 16 मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण चल रहा है, वहीं विभाग की ओर से बार्डर एरिया डेवलेपमेंट प्रोग्राम के तहत पांच केंद्रों क्रमश: रमनगरा, ढकिया ता. महाराजपुर, नगरिया खुर्द कलां, भूरा गोरख डिब्बी और रामपुर ता. महाराजपुर को स्वीकृति मिली है। धनराशि मिलने पर इन केंद्रों काम शुरू कराया जाएगा।