गजरौला। थाना गजरौला क्षेत्र के गांव सराय सुंदरपुर में नकाबपोश बदमाशों ने घर में सो रहे युवक को बंधक बनाकर लूटपाट की। युवक की गर्दन पर बांका रखकर संदूक और अलमारी की चाबी मांगी। जेवरात और नकदी समेत पांच लाख रुपये का सामान लूट ले गए। घटना के बाद छत से कूदकर युवक ने शोर-शराबा किया। पता चला तो गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी पर एसपी, एएसपी समेत अफसरों ने मौका मुआयना कर खुलासे के लिए टीमें लगाईं हैं।
घटना रविवार की रात करीब 12 बजे की है। गांव सराय सुंदरपुर निवासी योगेंद्र सिंह (22) पुत्र अर्जुन सिंह घर पर अकेला सो रहा था। उसके माता-पिता ऋषिकेश दवा लेने गए थे और बहन, चाचा के घर रुकी थी। इसी दौरान दो बदमाश पड़ोसी के खाली मकान के रास्ते घर में घुसे और बरामदे में सो रहे योगेंद्र के गले पर बांका रखकर संदूक की चाबी मांगी।
विरोध करने पर उसे पीटा गया। डर के कारण युवक ने चाबी दे दी। इसके बाद बदमाश संदूक से दो जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी कुंडल, एक सोने की लर, तीन अंगूठी, तीन जोड़ी पायल, टॉप्स और 40 हजार रुपये लूट ले गए। घटना के बाद युवक छत से कूदकर किसी तरह भागा और शोर मचाया।
इस पर गांव के लोग एकत्र हुए, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना पर रात को ही गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार सुबह एसपी अभिषेक यादव, एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित योगेंद्र से जानकारी जुटाई।
पीड़ित की तहरीर पर गजरौला पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि थाना पुलिस के अलावा अन्य टीमों को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है। हर बिंदुओं पर गहनता से जांच पड़ताल कराई जा रही है।
बदमाशों ने ग्रामीण से 20 हजार लूटे, विरोध पर दंपती को पीटा
बीसलपुर। गांव टिकरी में रविवार की देर रात बदमाशों ने दंपती की पिटाई कर 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रुरिया निवासी बाबूराम कश्यप ने बताया कि उन्होंने गांव टिकरी के पास एक तालाब मछली पालन के लिए ठेके पर ले रखा है। उसके पास में एक दुकान भी खोल रखी है। वह और उनकी पत्नी रूपवती वहीं पर खुले बरामदे में रहते हैं। रविवार रात लगभग 11:30 बजे वह सो रहे थे।
इसी दौरान पांच बदमाश आए और पास रखे 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि रुपये गांव जसौली के ठेकेदार से रविवार की शाम लाए थे। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी को तमंचे की बट से पीटा। पीड़ित के अनुसार, तीन बदमाश उनके पास आए और दो बदमाश कुछ दूरी पर खड़े रहे। उनके पास आए तीनों बदमाश तमंचे से लैस थे। बदमाश पैदल ही आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद खेतों की ओर चले गए। दंपती ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना मेडिकल परीक्षण कराया। बाबूराम ने बताया कि उन्होंने कोतवाली में तहरीर दे दी है। इस बाबत कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि ऐसी कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद
गजरौला क्षेत्र के गांव सराय सुंदरपुर में घटना के बाद बिखरा पड़ा सामान। स्रोत: सोशल मीडिया