पीलीभीत। शहर में ई-रिक्शा पर बैठे एक मनचले ने जीएनएम की छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए अश्लीलता की। इससे घबराई छात्रा चलते ई-रिक्शा से कूद गई। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। वहीं, मामले में छात्रा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़ित छात्रा बरखेड़ा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। छात्रा ने बताया कि वह एक नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम अंतिम वर्ष की छात्रा है। पिछले कुछ दिनों से वह जिला अस्पताल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं हैं।
शुक्रवार को वह घर से शहर आई। इसके बाद नौगवां चौराहा से अस्पताल के लिए ई-रिक्शा पर बैठ गई। आरोप है कि ई-रिक्शा पर एक अन्य युवक भी सवार था। सुबह 11 बजे के करीब सुनगढ़ी क्षेत्र के काला मंदिर मार्ग पर पहुंचते ही ई-रिक्शा पर बैठा युवक छेड़खानी करते हुए अश्लील हरकतें करने लगा। कुछ देर अनदेखी करने पर आरोपी युवक ने हरकतों को और बढ़ा दिया। इसपर उसने विरोध किया तो आरोपी धमकाने लगा। लगातार हरकतें करने पर छात्रा घबराकर चलते ई-रिक्शा से कूद गई।
हालांकि छात्रा को चोटें नहीं आई। ई-रिक्शा से कूदने पर छात्रा शोर शराबा करने लगी। मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी बीच युवक फरार हो गया। सूचना पर सुनगढ़ी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। छात्रा से जानकारी करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी। इसके बाद छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
000
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की दो टीमें
घटना की जानकारी के बाद पुलिस सतर्क हुई। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। अफसरों के निर्देश पर पुलिस की दो टीमों को आरोपी की तलाश के लिए लगाया गया। टीमें संबंधित मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर आरोपी को चिह्नित करने के प्रयास में जुट गई है।
000
वर्जन
मामले में सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को चिह्नित करने के लिए दो टीमों को लगाया गया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। - दीपक चतुर्वेदी, सीओ सिटी