पूरनपुर। दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पिटाई कर उसे छत से फेंक दिया गया। विवाहिता के भाई ने पुलिस से शिकायत कर बहन के ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
माधोटांडा थाना के गांव रुद्रपुर निवासी विजय सिंह ने पुलिस से शिकायत कर कहा कि उसने अपनी बहन शालिनी की शादी पांच मार्च को गांव अमरैयाकलां निवासी नरेश सिंह के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराली दहेज में बाइक और दो लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर बहन की पिटाई कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
शुक्रवार को ससुरालियों ने पिटाई कर शालिनी को छत से फेंक दिया। इससे वह घायल हो गई। बाद में ससुरालियों ने उसे जलाकर मारने की धमकी दी। सूचना पर उसके पिता द्वारिका प्रसाद ससुराल पहुंचे। आरोप है कि उसके पिता से मारपीट की कोशिश की गई। साथ ही कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत करने कोतवाली पहुंचे विजय के साथ कोतवाली के बाहर कुछ लोगों ने अभद्रता की। इसकी भी शिकायत विजय ने पुलिस से की है।