बीसलपुर (पीलीभीत)। नगर की एक विवाहिता ने रविवार को शाहजहांपुर में रहने वाले ससुरालियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी भिन्नो बेगम पुत्री रजा हुसैन ने बताया कि उनका निकाह 24 वर्ष पूर्व शाहजहांपुर के कस्बा खुदागंज के मोहल्ला लछीमपुर निवासी रफीक हुसैन के साथ हुआ था। निकाह में मुंंह मांगा दहेज न मिलने से नाराज ससुराल वालों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया।
इस बीच उसके चार बच्चे भी हो गए, फिर भी ससुराल वालों ने उसका उत्पीड़न बंद नहीं किया। आरोप है कि 11 नवंबर 2024 को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके में आकर रहने लगी। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि भिन्नो बेगम की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रिपोर्ट में पति रफीक उर्फ फकीरे, उनकी करीबी रिश्तेदार बरेली के कस्बा नवाबगंज निवासी आमना, बरेली के कस्बा भुता निवासी शाहनूर, बरेली के मोहल्ला बड़ी बिहार निवासी गुड़िया और बरेली के मोहल्ला एजाननगर निवासी नियाब को नामजद किया गया है।