दूसरे क्षेत्र के सांसद के नाम से लगाई गई लाइट।
पूरनपुर। पूरनपुर क्षेत्र में दूसरे सांसदों के नाम से लग रही लाइटें चर्चा का विषय बनी हुई हैं। ये लाइटें कुछ खास लोगों के घरों के आसपास लगाई गई हैं। बताया जा रहा है कि लाइटेंं लगाने के नाम पर किसानों से भी वसूली की जा रही है।
पूरनपुर डिविजन क्षेत्र के गांव मुझा खुर्द, बेगपुर, उदयकरनपुर सहित अन्य कुछ गांवों में कई दिनों से दूसरे क्षेत्र के सांसदों के नाम से कुछ खास लोगों के घरों के आसपास लाइटें लगाई जा रही हैं। लाइटों को बिना कनेक्शन बिजली लाइनों से सीधे करंट दिया जा रहा है। लाइटें लगवाने के नाम पर 13.5 हजार रुपये की वसूली की भी चर्चा है।
किसान नेता बलजिंदर सिंह का आरोप है कि सांसदों की ओर से निशुल्क लगने वाली लाइटों में वसूली की जा रही है। अधिशासी अभियंता प्रशांत गुप्ता ने बताया कि लाइटें लगने का उनके पास न तो काई आदेश है और न ही उनको इसकी जानकारी है। अगर बगैर अनुमति के लाइटों को बिजली की लाइनों से जोड़ा गया है। तब जांच कराकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।