अमरिया ब्लाक को तहसील का दर्जा दिलाने की कार्रवाई के मामले में यहां
सत्ता पक्ष के दो नेता आमने-सामने आ गए हैं। प्रदेश के खादी ग्रामोद्योग
राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने बुधवार को जहां इसे अपने प्रयास की देन
बताते हुए शीघ्र अमरिया को तहसील का दर्जा दिलाने की बात कही। वहीं बरखेड़ा
विधायक हेमराज वर्मा ने इस पर आपत्ति जताया है। उन्होंने कहा कि इस
प्रस्तावित तहसील में उनकी विधान सभा क्षेत्र के करीब दो दर्जन ऐसे ग्रामों
का प्रस्ताव भेजा गया है जिनके बाशिंदों को उस तहसील के बन जाने से दिक्कत
होगी। उन्होंने यहां तक कहा कि वह इसे किसी कीमत पर नहीं होने देंगे।
शीघ्र ही राजस्व परिषद के अध्यक्ष और राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव से
मुलाकात कर इसका विरोध जताएंगे।
जिले में अभी कुल तीन तहसीलें हैं। खादी
ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद अमरिया को तहसील का दर्जा दिलाने
के लिए प्रयासरत हैं। राज्यमंत्री ने बुधवार को इसका खुलासा किया।
उन्होंने कहा कि राजस्व परिषद के अध्यक्ष व मंत्री से मुलाकात करने के बाद
उन्होंने जिला प्रशासन से इसका प्रस्ताव तैयार करा कर शासन को भेजा था।
उन्होंने
यह भी खुलासा किया कि शासन से मांगी गई सूचना में तत्कालीन डीएम ओएन सिंह
ने कुछ कम अभिलेख भेजे थे, जिसकी वजह से अभी तक नई तहसील की घोषणा नहीं हो
सकी। उन्होंने बताया कि नवागत डीएम ने मांगी गई पूर्ण सूचना शासन को भेजवा
दी है। जल्द ही नई तहसील की घोषणा शिवपाल सिंह यादव यहां आकर कर देंगे।
उन्होंने बताया कि इस नई तहसील के बन जाने के बाद अमरिया क्षेत्र के उन
तमाम ग्रामीणों को खासा लाभ पहुंचेगा जो अभी तक राजस्व संबंधी काम के लिए
पीलीभीत आते थे।
0000
विरोध में उतरे विधायक
मैं जिले में नई
तहसील बनाने का विरोधी नहीं हूं। जिले में तहसील बननी चाहिए, लेकिन अमरिया
तहसील बनाने के लिए उनकी विधानसभा क्षेत्र के दो दर्जन गांव बेतरतीब ढंग से
जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे मेरे क्षेत्र के ग्रामीणों को
परेशानी होगी। इसे मैं किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करूंगा। इसलिए मैं
राज्यमंत्री के इस प्रयास का विरोध कर रहा हूं। यह विरोध हर स्तर पर जारी
रहेगा। साथ ही जिन अधिकारियों ने यह प्रस्ताव भेजा है उनके खिलाफ भी
कार्रवाई कराई जाएगी।
- हेमराज वर्मा, विधायक, बरखेड़ा विधान सभा
----