जिले में सोमवार को सीजन की पहली ठंड महसूस की गई। सुबह से लेकर शाम तक पूरा जिला कोहरे की चादर से ढका रहा। इससे ठिठुरन बढ़ी, वहीं मामूली ठंडी हवाएं चलने से लोग परेशान दिखे। मौसम के एकाएक बदले मिजाज के चलते सार्वजनिक स्थानों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कम लोग दिखे।
सुबह कोहरा छाने से एकाएक ठंड का प्रकोप बढ़ गया। दोपहर में हल्की धूप निकली लेकिन लोगों को राहत नहीं मिली। इससे मौसम में ठिठुरन और गलन बढ़ गई। शहर के प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर लोग कूड़ा करकट जलाकर खुद को गरम करते दिखे। प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या कम रहीं। सरकारी दफ्तरों में भी रोजाना की तरह कोई खास चहल पहल नहीं दिखी।
सोमवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के बदलते रुख के चलते बाजार व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कम लोग दिखे। अधिकतर लोग गर्म कपड़ों से खुदकर ढककर ही बाहर निकले। वहीं बदलते मौसम का असर रेलवे स्टेशन व बस स्टैंडों पर भी देखने को मिला। इन स्थानों पर भी यात्रियों की संख्या में कमी देखी गई।
...जोड़ ठंड
ठंड की दस्तक पर अलाव के निर्देश
पूरनपुर। नगर सहित क्षेत्र में सोमवार को पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हुए। ठंड को लेकर रोज की तरह सोमवार को बाजार में भीड़ नहीं दिखी। एसडीएम ने तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह को कंबल वितरण शुरू कराने के निर्देश दिए। उधर, तहसीलदार कुंवर बहादुर सिंह ने एआरके हरीराम से नगर और देहात क्षेत्र में जलाए जाने वाले अलाव लगवाने के निर्देश दिए।
---