स्कूल भवन पर ग्रामीण ने किया अवैध कब्जा
बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के चलते पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या हबीबुल्ला खां पिछले दो वर्षों से शो पीस बना हुआ है। इस विद्यालय पर मोहल्ले के एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा है। बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने करीब दो साल पहले पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या हबीबुल्ला खां का कई लाख रुपये की लागत से निर्माण कराया गया था। इस भवन में अभी तक विद्यालय शुरू नहीं हुआ है। विद्यालय भवन में शिक्षण कार्य शुरू न होते देख मोहल्ले के एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर अपने पशुओं को बांध रहा है। इस प्रकार विभागीय अधिकारियों की अनदेखी के चलते लाखों रुपये की लागत से बने इस भवन का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। हालांकि मोहल्ले के जागरूक लोगों ने इस बीच विभाग और प्रशासन के अधिकारियों का ध्यान कई बार आकृष्ट कराया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में रोष है। इस बाबत नगर शिक्षाधिकारी उमेश गौतम ने बताया कि शौचालय और चहारदीवारी न बन पाने के कारण इस भवन में अभी तक विद्यालय स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द शौचालय, चहारदीवारी बनवा दी जाएगी, अवैध कब्जा हटवा दिया जाएगा और विद्यालय शुरू करवा दिया जाएगा।