पूरनपुर। पांच दिन से लापता युवक का अधखाया शव मिलने के मामले में वन विभाग की टीम ने दूसरे दिन फिर घटनास्थल के समीप बाघ के पगचिह्न की तलाश की। अब तक वन विभाग को न तो यहां बाघ दिखा है और न ही पगचिह्न मिले हैं। पुलिस और वन विभाग के अधिकारी कन्हैया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
हजारा थाना क्षेत्र के गांव रमनगरा से करीब दो किलोमीटर दूर शिवनाथ के खेत में गांव के कन्हैया उर्फ अजय सिंह का अधखाया शव मिला था। अजय सिंह पांच दिन पहले खेत देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। शव मिलने के बाद संपूर्णानगर रेंज की टीम रविवार शाम को घटनास्थल पहुंची थी, अंधेरा होने पर टीम को बाघ के पगचिह्न नहीं मिले थे।
संपूर्णानगर रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि सोमवार को फिर टीम को भेजा गया। टीम को आसपास न तो बाघ के पगचिह्न मिले और न ही उसकी लोकेशन। रेंजर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद भी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अजय सिंह उर्फ कन्हैया दो भाइयों में छोटे थे। ग्राम प्रधान के पति सत्यप्रकाश ने बताया कि घटनास्थल के समीप बाघ की चहलकदमी कई दिनों से हो रही है। हजारा एसओ प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बाघ के कन्हैया के आधा शव खाने का मामला पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
-
महीनाभर पहले ही हुआ था बेटा कन्हैया की शादी वर्ष 2011 में बिहार की शोभा सिंह के साथ हुई थी। गांव के सत्य प्रकाश ने बताया कि करीब सवा महीने पहले कन्हैया के घर शिशु ने जन्म लिया। इस पर कन्हैया कुछ दिन पहले अपनी ससुराल बिहार गया था। दोबारा ससुराल जाकर पत्नी की विदा कराकर लाने की तैयारी कर रहा था।