पूरनपुर (पीलीभीत)। संभल जा रहे भाकपा (माले) के पांच सदस्यीय दल को मुरादाबाद में पुलिस ने नजरबंद कर लिया। रविवार शाम पांच बजे लोगों पर से पहरा हटाया गया।
रविवार को भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी की सदस्य कृष्णा अधिकारी, जिला प्रभारी अफरोज आलम, सांसद सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में संभल जाने के लिए मुरादाबाद में भाकपा माले मुरादाबाद के जिला अध्यक्ष रोहिताष के घर पहुंचे थे। टीम में इसके अलावा जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र नेता अध्यक्ष एन साई बालाजी थे।
भाकपा के जिला प्रभारी अफरोज आलम ने बताया कि पुलिस ने मुरादाबाद के जिला अध्यक्ष के आवास पर पहुंचकर सभी को नजरबंद कर लिया। पूरे दिन पुलिस घर के बाहर पहरा देती रही। रविवार शाम पांच बजे उन लोगों पर से पहरा हटाया गया। बताया कि पीड़ितों से न मिलने देना लोकतंत्र की हत्या है। भाकपा इसका विरोध जारी रखेगी। संवाद