सावन का पहला सोमवार आज, सजे गए शिवालय
सावन के पहले सोमवार को लेकर जिले भर में तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को दिनभर शिवालयों में सजावट चलती रही। सावन के पहले दिन कहीं रुद्राभिषेक तो कहीं महाआरती होगी। शिव भक्तों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सावन भगवान शिव की विशेष आराधना का महीना माना जाता है। मान्यता है कि इस महीने में खासकर सोमवार को व्रत रखने के साथ पूजा और रुद्राभिषेक किए जाते हैं। सावन में भगवान भोले नाथ को बेलपत्र, भांग व दूध आदि चढ़ाने से मनवांक्षित फल की प्राप्ति होती है। रविवार को शहर के शिवालयों में देर शाम तक तैयारियां चलती रहीं।
गौरीशंकर मंदिर में 40 दिन होगा रुद्राभिषेक
शहर के ऐतिहासिक गौरीशंकर मंदिर में सावन में सर्वाधिक शिव भक्तों की भीड़ रहती है। पर्व को लेकर मंदिर परिसर की भव्य सजावट की गई है। पहले सोमवार को शिवालयों में सुबह से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। दिन में दो बार रुद्राभिषेक होगा। पहले सोमवार को यहां 500 से अधिक कांवड़िए पहुंचने की उम्मीद है।
सुबह चार बजे से होगा जलाभिषेक
सावन के पहले सोमवार को लेकर मंदिरों में तैयारी लगभग पूरी कर ली गई हैं। सोमवार सुबह चार बजे से जलाभिषेक प्रारंभ होगा। चार बजे व रात्रि 11 बजे के बाद रुद्राभिषेक होगा। यहां लगातार 40 दिन का कार्यक्रम चलेगा। 41 दिन विशाल भंडारा होगा। पंडित जयशंकर शर्मा, पुरोहित, गौरीशंकर मंदिर