पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्ची को गोद में लेकर घूमता ग्रामीण।स्रोत:सोशल मीडिया
पीलीभीत। मंगलवार को घर के बाहर खेल रही एक बच्ची पर कुत्तों ने हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख पुकार सुनकर परिजनों और पड़ोसियों ने जैसे-तैसे बच्ची को कुत्ते के चंगुल से छुड़ाया। घटना के बाद पिता बच्ची को गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इधर से उधर भटकता रहा लेकिन यहां एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के लिए सीरिंज नहीं मिली।
मंगलवार को तहसील क्षेत्र के गांव सबलपुर खास निवासी सुरेश की छह वर्षीय पुत्री उपासना घर के बाहर खेल रही थी। तभी एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिजनों ने उसको बचाया और इलाज के लिए पूरनपुर के अस्पताल में भर्ती कराया।
सीएचसी के इमरजेंसी वार्ड में इलाज के बाद बालिका को एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए कहा गया। व्हीलचेयर न होने पर परिजन पुत्री को गोदी में लेकर एआरवी कक्ष में पहुंचे। उससे कमरा नंबर आठ में डॉक्टर से एआरवी लिखवाकर लाने के लिए कहा गया।
ग्रामीण पुत्री को गोद में उठाकर डॉक्टर से एआरवी लिखवाने के लिए पहुंचा। वापस एआरवी कक्ष में पहुंचा तो उसे अस्पताल के बाहर मेडिकल स्टोर से सिरिंज लाने के लिए भेज दिया गया। इस तरह परिजन पूरे दिन बच्ची को गोद में लिए भटकते रहे। कोई भी स्वास्थ्य कर्मी उनकी मदद के लिए नहीं पहुंचा। बाद में जैसे-तैसे बच्ची को वैक्सीन लग सकी। इस लापरवाही का वीडियो वायरल भी हो रहा है।
जानकारी मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. आलोक कुमार शर्मा, सीएमओ