पीलीभीत। संविदा पर तैनात रहे बिजली कर्मचारी का शव नाले में मिलने के बाद युवक के पिता ने साढू़ को मौत का जिम्मेदार टहराते हुए पुलिस को तहरीर दी। वहीं पत्नी ने विभाग के एक कर्मचारी पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराते हुए जांच शुरु कर दी है।
बुधवार को सुनगढ़ी क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के समीप नाले के पास एक युवक का शव पड़ा मिला था। बृहस्पतिवार को थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ईदगाह कांशीराम कॉलोनी निवासी सुमन लता ने शव की पहचान पति अजय पुत्र रामपाल के रूप में की थी। परिजन ने बताया कि अजय शराब पीने का आदी था। वह रुपपुर कमालू पर बने बिजली घर पर में तैनात था।
विभाग ने उसे लगभग छह माह पूर्व ही निकाल दिया गया था। इसकी वजह से वह और शराब पीने लगा था। इसके बाद शुक्रवार को मृतक के पिता रामपाल ने थाना सुनगढ़ी पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसके पुत्र अजय को उसका साढू़ घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद उसका शव पड़ा मिला है। उसने साढ़ू पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
उधर, मृतक की पत्नी सुमनलता ने थाना सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर देकर एक बिजली कर्मचारी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी संजीव शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर मामले की जांच की जा रही है।