केंद्र के साथ ही पंजाब में भाजपा का सहयोगी शिरोमणि अकाली दल पीलीभीत की तीन विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। पूर्व मंत्री राजराय सिंह शहर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी। यह जानकारी शिरोमणि अकाली दल के प्रदेश अध्यक्ष राय सिंह ने दी।
शहर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राय सिंह ने कहा कि पंजाब और दिल्ली में भाजपा से हमारा गठबंधन है और केंद्र सरकार में भी हम सहयोगी हैं। अब यूपी में भी शिरोमणि अकाली दल भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेेगा। उन्होंने बताया कि यूपी में दल को 100 सीटें मिलनी चाहिए लेकिन फिलहाल हमने 50 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी की है। इसमें पीलीभीत से तीन सीटें शहर, बरखेड़ा और पूरनपुर मांगी गई हैं।
उन्होंने बताया कि अकाली दल केवल सिखों की पार्टी नहीं है। हर जाति वर्ग की पार्टी है। इसी के चलते 50 सीटों में से 21 पर सिख, चार पर दलित, चार पर क्षत्रिय, एक पर ब्राह्मण, दो पर कुर्मी और एक अन्य बिरादरी के प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा। तराई के इस क्षेत्र में सिखों के साथ बड़ी संख्या में किसान हैं और हम किसानों को उनका हक दिलाने की लड़ाई लड़ेंगे। गठबंधन में सीटें न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा फिलहाल बात हो चुकी है। इसके बाद भी यदि भाजपा से अलग होकर लड़ना पड़ा तो भी पार्टी चुनाव लड़ेगी। किसान नेता वीएम सिंह के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा उनके आगे वह कहीं नहीं टिकेंगे। इस मौके पर राय सिंह की पत्नी पत्नी पूर्व मंत्री राजराय सिंह भी मौजूद थीं।