बीसलपुर। बकाएदार के घर नोटिस चस्पा करने गए बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा चुर्रासकतपुर के शाखा प्रबंधक सौरभ बिष्ट और उनकी टीम को गांव चौसर हरदोपट्टी के बकाएदार ने घरवालों की मदद से खदेड़ दिया। शाखा प्रबंधक ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
शाखा प्रबंधक ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गांव चौसर हरदोपट्टी में अपनी बैंक शाखा के 1.28 लाख के बकाएदार के घर नोटिस चस्पा करने गए थे। शाखा प्रबंधक ने पहले गंगादीन को बुलाकर बकाया अदा करने का सुझाव दिया। गंगादीन के न मानने पर उन्होंने उसके दरवाजे पर नोटिस चस्पा करने का प्रयास किया।
आरोप है कि बकाएदार ने घरवालों की मदद से शाखा प्रबंधक को नोटिस चस्पा नहीं करने दिया। बकाएदार और उसके घरवालों ने टीम से अभद्रता की। शाखा प्रबंधक ने जब अभद्र व्यवहार का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो बकाएदार ने उनका मोबाइल छीनने की कोशिश की। इस बीच मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। शाखा प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने विभागीय उच्चाधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दे दी है। संवाद