आंधी-बारिश के बीच जिले में बिजली आपूर्ति पूरी तरह लड़खड़ा गई। रूपपुर कमालू से आने वाली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से नकटादाना फीडर ठप हो गया। इससे शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार सुबह 10 बजे तक आधे शहर की बिजली गुल रही। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी ठप रही।
शुक्रवार रात आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण रूपपुर कमालू से आ रही हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आ गया। इससे रात करीब 10 बजे नकटादाना फीडर ठप हो गया। इस फीडर से जुड़े मोहल्ल आवास विकास, कबीर खां, निरंजनकुंज कॉलोनी, सुभाषनगर, कांशीराम कॉलोनी, भूरे खां समेत कई मोहल्लों में अंधेरा छा गया। फाल्ट ठीक होने पर शनिवार सुबह 10 बजे फबिजली आपूर्ति शुरू हो पाई। बिजली न आने से नगरपालिका की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। इससे लोग बूंद-बूंद पानी को तरस गए। गली मोहल्लों में लोग सरकारी नलों पर पर पानी भरते नजर आए। एसडीओ दीपक नेगी ने बताया कि फाल्ट को दूर कर शनिवार सुबह 10 बजे आपूर्ति चालू कर दी गई है।
नगर सहित दर्जनों गांव की दूसरे दिन भी ठप रही बिजली
आंधी में आसाम रोड स्थित 132 केवीए बिजली घर से नगर के बिजली घर को आने वाली मेन लाइन का तार टूट गया। इस कारण नगर के दोनों सब स्टेशनों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। इससे नगर और क्षेत्र के दर्जनों गांव की बिजली गुल हो गई। शुक्रवार शाम 7.30 बजे बंद हुई सप्लाई शनिवार शाम को चालू नहीं हो सकी। बिजली सप्लाई न मिलने से नगर की पेयजल सप्लाई भी ठप रही। इससे उपभोक्ताओं को भारी असुविधा उठानी पड़ी।
शेरपुरकलां। शनिवार को कस्बा और आसपास के गांवों में बिजली सप्लाई लड़खड़ा गई। दोपहर करीब बारह बजे कुछ देर के लिए बिजली आई, जो कुछ देर बाद दुबारा चली गई।
फुंका ट्रांसफार्मर न बदलने पर किया प्रदर्शन
अमरैयाकलां। दो दिन पहले फुंका ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर खाता गांव के लोगों ने इकट्ठे होकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि यहां की बिजली सप्लाई शेरपुर उपकेंद्र से जुड़ी है। गांव में 60 बिजली कनेक्शन है, लेकिन मात्र 25 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर लगाया गया है। कम क्षमता होने के कारण तीन माह में चार बार ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। विधायक से 60 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक नहीं लगाया गया। ग्रामीणों ने फुंका ट्रांसफार्मर बदलकर उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की। इनमें संजय यादव, रामभजन यादव, महेंद्र सिंह, सरवन यादव, प्रकाश, लालता प्रसाद, प्यारेलाल, पोथीराम, कांशीराम, संतराम, मुन्ना यादव, राधेश्याम, डालचंद, छत्रपाल, शिवकुमार आदि रहे।
बीसलपुर में दिनभर बिजली गायब
बीसलपुर। बरखेड़ा के पास लाइन खराब हो जाने के कारण शनिवार को नगर में पूरे दिन बिजली नहीं आई। इससे लोगों को काफी दिक्कत हुई। कस्बा बरखेड़ा के पास बिजली की लाइन खराब हो गई थी। एसडीओ मुनीश कुमार अरविंद ने बताया कि लाइन ठीक करने काम चल रहा है। रविवार सुबह तक आपूर्ति शुरू होने की संभावना है।
तीन दिन में नहीं बदला फुंका ट्रांसफार्मर
पीलीभीत। शहर के धुनों वाले चौराहा पर लगा ट्रांसफार्मर तीन दिन पहले फुंक गया था, जो शनिवार देर शाम तक नहीं बदला गया। इससे बेनीचौधरी सहित तीन मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे मोहल्ले वालों में रोष है।