पंचायत चुनाव की मतगणना समय से पूर्ण कराने को जिला प्रशासन द्वारा की गई कवायद रंग लाई है। जिले में लगाई गई 216 मतगणना टेबलों पर तेजी से हुई मतों की गिनती महज 13 घंटों में ही पूरी हो गई सिर्फ पूरनपुर ब्लाक में 16 घंटे लगे।
जिले के सातों ब्लाकों में चार चरणों में हुए चुनाव में 83.6 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि जिला पंचायत के चुनाव में लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ था। जिला पंचायत की अपेक्षा अधिक मतदान होने और ठंडक बढ़ने के कारण प्रशासन ने मतगणना को जल्द निपटाने की कवायद शुरू की। डीएम की अध्यक्षता में अधिकारियों ने बैठक कर मतगणना टेबलों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया। सभी ब्लाकों के ग्राम पंचायत और उनके प्रत्याशियों की संख्या का आंकलन कर टेबलों की संख्या 185 करने का निर्णय लिया गया जिसे एक दिन पूर्व और बढ़ाकर 216 कर दिया गया जबकि जिला पंचायत के चुनाव की मतगणना में मात्र 132 टेबल लगाई गई थी। इससे उम्मीद जताई जा रही थी कि रात 12 बजे तक मतगणना का कार्य निपट जाएगा लेकिन मतगणना कर्मियों ने अधिकारियों की आकांक्षा पर खरा उतरते हुए मतगणना का कार्य 13 घंटे में यानि शाम आठ बजे तक पूरा कर लिया। मरौरी, बरखेड़ा, बिलसंडा और बीसलपुर ब्लाक में सात बजे मतगणना निपट गई जबकि ललौरीखेड़ा में एक बूथ पर पुनर्मतगणना के कारण समय अधिक लग गया। यहां नौ बजे मतगणना पूरी हो गई। वहीं अमरिया और पूरनपुर में मतगणना देरी से समाप्त हुई।