नवागत एसपी सभाराज ने रविवार को जिले के समस्त सर्किल एवं थाना प्रभारियों संग पहली मीटिंग की। इसमें जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर काम करने के गुर सिखाए और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और फरियादी को अनसुना करने वालों को चेतावनी दी गई।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित मीटिंग में सर्व प्रथम एसपी सभाराज ने मातहतों का परिचय प्राप्त किया। थाना क्षेत्रों से जुड़ी आपराधिक स्थित की भी जानकारी ली। इसके बाद लंबित प्रकरणों में वर्कआउट को लेकर हुई प्रगति को जाना। उन्होंने कहा कि शिकायतों को टालने के बजाए उस पर काम करें और थाना स्तर पर ही मामले निस्तारित करें। किसी तरह की लापरवाही ड्यूटी के दौरान नहीं बरती जानी चाहिए। सख्त लहजे में यह भी कहा कि अगर किसी पुलिसकर्मी के फरियादी को अनसुना करने की शिकायत सामने आई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा दीपावली, भैयादूज आदि त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। इस मौके पर सीओ पूरनपुर जगत राम जोशी, सीओ सिटी निर्मल कुमार विष्ट, सीओ जहानाबाद बीपी सिंह, सीओ बीसलपुर एचके भदौरिया, बिलसंडा इंस्पेक्टर अतुल प्रधान, कोतवाल हरगोविंद सिंह, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल शर्मा, एसओ गजरौला विवेक त्रिवेदी, पूरनपुर कोतवाल मनोज त्यागी, जहानाबाद एसओ जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।