बीसलपुर। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने बुधवार को नगर के तीन संस्थानों में महिलाओं से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी ली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर अव्यवस्थाएं देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। अधीक्षक को सुधार करने के निर्देश दिए।
आयोग की सदस्य ने सबसे पहले तहसील सभागार में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। आठ महिलाओं ने राजस्व विभाग से संबंधित समस्याएं बताईं। इस पर आयोग की सदस्य ने एसडीएम नागेंद्र पांडेय को शिकायतों का अतिशीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिलाओं से संबंधित व्यवस्थाएं देखीं। व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार से कड़ी नाराजगी जताई। महिलाओं से संबंधित सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बाद में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। कक्षा छह के कक्ष में जब पहुंचीं तो छात्राएं उनके सम्मान में खड़ी नहीं हुईं। इस पर उन्होंने शिक्षक को फटकार लगाई। उन्होंने अनुशासन सिखाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में रसोई भवन की हालत जर्जर मिली। कुछ अभिलेख भी अधूरे मिले। मौके पर कुल 62 छात्राएं उपस्थित रहीं, जबकि सौ छात्राएं होनी चाहिए। पूछने पर प्रभारी वार्डन सरोजिनी गंगवार ने बताया कि रक्षाबंधन के अवकाश पर छात्राएं घर गई थीं। अभी तक सभी छात्राएं वापस नहीं आ पाई हैं। आयोग की सदस्य ने उपस्थित सभी छात्राओं को कतार में खड़ा कर सामूहिक रूप से समस्याएं पूछीं, लेकिन किसी छात्रा ने कोई समस्या नहीं बताई। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के लिहाज से कोतवाल संजीव शुक्ला पूरे समय मौजूद रहे।