शिकायत करने कलक्ट्रेट पहुंचे मंदिर के पुजारी और अन्य लोग। स्रोत सोशल मीडिया
पीलीभीत। कचहरी के निकट विकसित की जा रही कॉलोनी की आड़ में काॅलोनाइजर ने मंदिर का रास्ता बंदकर उसकी जगह पर दो ट्रांसफार्मर लगा दिए।
विरोध पर मंदिर के पुजारी के साथ गाली-गलौज की गई। बुधवार को पूजा-अर्चना करने पहुंचे पुजारी को फिर कंपनी से जुड़े कुछ लोगों ने धमकाया। इससे आक्रोशित पुजारी समेत कई लोगों ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर अफसरों को ज्ञापन सौंपा।
डीएम को संबोधित ज्ञापन में टनकपुर हाईवे पर कचहरी के निकट स्थित बाबा नागेश्वर नाथ धाम एवं गोशाला ट्रस्ट के पुजारी दीप्तिमान मिश्र ने कहा कि मंदिर का रास्ता एक बड़े मुख्य द्वार से होकर था, इससे श्रद्धालु आवाजाही करते थे। बताया कि पिछले कुछ सालों से मंदिर के बराबर में ही मेरठ की ए टू जेड इंफ्राडेवलपर्स कंपनी की ओर से जमीन खरीदकर कॉलोनी काटने का कार्य किया जा रहा है।
आरोप है कि बिना सूचना और अभिलेखों के अवैध तरीके से मुख्य द्वार का रास्ता बंदकर कॉलोनी के दो ट्रांसफार्मर रख दिए। इससे मंदिर का मुख्य द्वार बंद होने के साथ करंट से जान का खतरा भी बना हुआ है। इसके साथ ही कॉलोनी के लोगों ने एक नया गेट लगा दिया। विरोध करने पर कॉलोनी काटने वालों पर गाली-गलौज करने के आरोप लगाए।
आरोप है कि बुधवार को पूजा अर्चना करने पहुंचे मंदिर के पुजारी के साथ कंपनी से जुड़े कुछ दबंग किस्म के लोगों ने मारपीट का प्रयास किया। जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में जांच कर मंदिर का मुख्य द्वार खुलवाने के साथ आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई। शिकायती पत्र में आशुतोष शर्मा, जॉली गुप्ता, पंकज तिवारी, सिद्धार्थ मिश्रा, चेतन शर्मा आदि के हस्ताक्षर थे। मामले में सीएम और डीजीपी को भी पत्र भेजा गया है।