पूरनपुर के गांव गजरौला जप्ती में बंधक बनाया गया संदीप। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर (पीलीभीत)। हरियाणा के जिला रोहतक के थाना कलानोर के गांव लाहली निवासी संदीप पांचाल मजदूर लेेने आया था। रविवार रात गांव गजरौला जप्ती में लोगों ने उसे बदमाश समझकर पकड़ लिया और रस्सी से बांधकर खूब पिटाई की। उसकी कार पर फायरिंग की और तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। गंभीर हालत में संदीप को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। संदीप के भाई सुरजीत पंचाल ने पुलिस को तहरीर दी है।
सुरजीत पांचाल ने बताया कि भाई संदीप हरियाणा से यहां मजदूर छोड़ने और यहां से दूसरे मजदूरों को कार से ले जाने को आया था। दूसरी कार से दीपक शर्मा मजदूर छोड़ने आया था। संदीप रास्ता भटकने पर गांव गजरौला जप्ती के एक फार्म हाउस के समीप पहुंच गया। उसने कार को फार्म हाउस से पहले ही पीछे को मोड़ लिया। इस दौरान लोगों ने कार में बदमाश होने का शोर कर दिया।
भीड़ ने कार सवार संदीप को पकड़कर रस्सी से बंधक बनाकर जमकर उसकी पिटाई की। उसकी कार में तोड़फोड़ और फायरिंग कर क्षतिग्रस्त कर दिया। संदीप ने बताया कि बार-बार चोर या बदमाश न होने की जानकारी देने के बाद भी लोगों ने उसे नहीं बक्सा और जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बंधनमुक्त कराया।
सीएचसी से उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुरजीत पांचाल ने बताया कि भीड़ ने उसके भाई पर जानलेवा हमला कर हत्या का प्रयास किया है। घटना की तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
रविवार को पुलिस ने दी थी हिदायत
सीओ वीरेंद्र विक्रम, कोतवाल अशोक पाल ने रविवार को घुंघचाई और बलरामपुर में लोगों के साथ बैठक कर चोर, बदमाश के होने वाले शोर की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए थे। कहा था कि पकड़े गए व्यक्ति की पिटाई न की जाए।