स्कूल वाहन से गिरकर हुई छात्र की मौत की के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने अभियान चलाकर नगर के सभी मार्गों पर सघन चेकिंग की, लेकिन एक भी स्कूल का वाहन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। उधर घटना के तीसरे दिन भी आरएमसीपी एकेडमी स्कूल में ताला लटका रहा।
नगर स्थित आरएमसीपी एकेडमी स्कूल से पढ़कर वापस लौटते समय गांव सबुआपुर निवासी मेजर सिंह के छह वर्षीय पुत्र अमृतपाल की मैजिक की खिड़की से गिर जाने पर पहिया के नीचे कुचलकर मौत हो गई थी। इधर घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार को नगर के सभी मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन स्कूल संचालकों ने कार्रवाई के डर से वाहनों को बच्चों को लेने के लिए भेजे ही नहीं। जिस कारण पुलिस के हत्थे एक भी वाहन नहीं चढ़ सका। एसओ राजेश यादव का कहना है कि मानक पूरे करने वाले स्कूल वाहनों को ही चलने दिया जाएगा। खटारा एवं अनफिट स्कूल वाहनों को सीज किया जाएगा।