पूरनपुर। जमीन का बैनामा कराकर शेष 79 लाख रुपये गिनकर कार में लेने का झांसा देकर खरीदार ने अपने साथियों के साथ विक्रेता के पुत्र और उसके साले का चाकू के बल पर अपहरण करने की कोशिश की। शोर-शराबा पर लोगों के एकत्र होने पर किसान का पुत्र और उसके साले ने कार से निकलकर बमुश्किल जान बचाई। पुलिस ने पीड़ित की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे नगर में हुई। कलीनगर तहसील के गांव चितरपुर के बाबूराम ने बताया कि उसने अपनी 11 बीघा जमीन का सौदा हरियाणा के रोहतक के बहु जमालपुर 93 गढ़ी खेड़ी के दीपक से 14.5 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से किया था। जमीन का सौदा गांव के बाबूराम और शिवकुमार ने करीब एक महीने पहले कराया था। शुक्रवार को 80.19 लाख रुपये खरीदार ने उसे दिए और जमीन की रजिस्ट्री कराने, बकाया रुपये कुछ देर में देने का आश्वासन दिया। इस पर उसने सभी रुपये न मिलने तक जमीन की रजिस्ट्री करने से इन्कार कर दिया।
शनिवार को रुपये देकर रजिस्ट्री कराना तय हुआ। अपने पुत्र रामऔतार, धर्मेंद्र और रामऔतार के साले गांव महादिया निवासी पप्पू, दोस्त गांव निवासी अफसर खां के साथ जमीन की रजिस्ट्री कराने खरीदार और उसके साथी के साथ उप निबंधक कार्यालय पहुंचे। खरीदार के साथ तीन अन्य लोग भी थे। रजिस्ट्री के सारे अभिलेख तैयार होने पर पहले रुपये देने को खरीदार से कहा। तब उसने शेष 79 लाख रुपये कार में होने और रुपये गिनकर लेने की बात कही। इस पर उन्होंने अपने पुत्र रामऔतार और उसके साले पप्पू को रुपये गिनने के लिए कार में भेजा। इस दौरान उसके दोस्त अफसर खां के रजिस्ट्री कार्यालय से बाहर किसी काम से जाने के दौरान खरीदार ने रजिस्ट्री करवा ली। उसकी बायोमीट्रिक उपस्थित भी दर्ज हो गई।
आरोप है कि इस दौरान खरीदार और उसका एक साथी उप निबंधक कार्यालय से खिसक गया। किसान के पुत्र रामऔतार ने बताया कि कार में खरीदार के दो साथी उससे रुपये गिनवा रहे थे। रजिस्ट्री होने के बाद खरीदार और उसके साथी ने आकर उसे और उसके साले को चाकू के बल पर कार में बंद कर लिया और अपहरण कर ले जाने लगे। तभी शोर मच गया। कोतवाली रोड पर एक ट्रैक्टर एजेंसी के समीप एकत्र लोगों ने कार को रोक लिया। तब बमुश्किल छुटकर कार से निकला। कार सवार लोग गाड़ी और 79 लाख रुपये लेकर भाग गए।
रामऔतार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि रामऔतार की ओर से दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद
किसान का पुत्र बोला-बच गई जान
पूरनपुर। किसान के पुत्र ने बताया कि कार सवारों का इरादा उसका और उसके साले का अपहरण कर हत्या करना लग रहा था। अगर साहस का परिचय न देते, तब पता नहीं क्या होता। बस जान बच गई। किसान के दोस्त अफसर खां ने बताया कि खरीदार की मंशा पहले ही भांप कर बाबूराम को रुपये बगैर लिए रजिस्ट्री न करने को कहा था। बाबूराम सीधे सादे हैं, उन्हें कम सुनाई देता है। उसके उप निबंधक कार्यालय से बाहर जाते ही साजिशन रजिस्ट्री करा ली गई।
किसान बाबूराम ने बताया कि जमीन के सरकारी रेट के अनुसार उसे धनराशि खाते में भुगतान की गई थी। रेट से हटकर 79 लाख रुपये लेना था, जो रुपये उसे खाते में भुगतान को मिले। उसकी उसने गांव जमुनिया खास में शुक्रवार को 14 बीघा जमीन खरीद ली। अन्य जमीन का भी सौदा किया था, जिसके रुपये शनिवार को देने थे।