खेत पर घास काटने के लिए जा रहा था पत्नी के साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। खेत पर घास काटने के लिए जा रहे किसान को सांड़ ने पटक दिया। ग्रामीणों ने बमुश्किल किसान को बचाया। गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
न्यूरिया क्षेत्र के गांव बनकटी निवासी केशरी लाल (45) सोमवार अपराह्न करीब तीन गांव के बाहर स्थित खेत पर घास काटने के लिए जा रहे थे। पत्नी सुनीता भी साथ में थी। रास्ते में अचानक सांड़ ने किसान को पटक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह किसान को सांड़ से बचाया।
गंभीर हालत में किसान को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र करन और अर्जुन शामिल है। न्यूरिया थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि जानकारी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।