बारह माह के बकाया मानदेय को लेकर जिले भर के प्रेरकों ने बीएसए कार्यालय पर नारेबाजी कर धरना दिया। बीएसए को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
प्रेरक एकता कल्याण समिति के तत्वावधान में तमाम प्रेरक बुधवार को बीएसए कार्यालय परिसर में एकत्र हुए। यहां प्रेरकों ने पिछले 12 माह का बकाया मानदेय न मिलने के विरोध में धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में जिलाध्यक्ष अरविंद मिश्रा ने कहा कि प्रेरकों के साथ खुलेआम खिलवाड़ किया जा रहा है। हमें न तो महीनों से मानदेय दिया जा रहा है और न ही शिक्षण सामग्री। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इस मामले में जल्द कोई कार्रवाई नहीं की गई तो सड़कों पर उतर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान प्रेरकों ने बीएसए को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय दिलाने, शिक्षण सामग्री व प्रशिक्षण प्रमाण पत्र दिलाने की मांग की। धरना देने वालों में ब्लाक उपाध्यक्ष मोहम्मद दानिश, अतीक अहमद, प्रमोद पांडेय, सुरेंद्र गंगवार, सायमा बी, रघुवर सिंह, उमेशचंद्र, अजमी बी, ज्ञानवती, लक्ष्मी देवी, गुड्डी देवी, मनोहरलाल, धीर सिंह, प्रियंका, सुमनदेवी, कृष्ण कुमार आदि शामिल रहे। उधर, जिलाध्यक्ष ने बताया कि समिति के प्रदेश अध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक 17 फरवरी को नेहरू ऊर्जा उद्यान में प्रेरकों की बैठक लेकर समस्याएं सुनेंगे।