रेलवे लाइन पर मिला शव एडीओ पंचायत का निकला
बीसलपुर के टिकरी के निकट रेलवे क्रासिंग पर बुधवार को मिला शव अमरिया ब्लाक में तैनात एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार का निकला। उनके बेटे ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त की। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के शव ले गए घर वाले। अमरिया में तैनात एडीओ पंचायत कृष्ण कुमार मूलरूप से बीसलपुर कोतवाली के जोगीठेर गांव के रहने वाले थे। 59 वर्षीय कृष्ण कुमार इसी वर्ष जुलाई में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वह दो दिन पूर्व अमरिया से अपने घर जाने को निकले थे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। बुधवार को बीसलपुर क्षेत्र के टिकरी के निकट रेलवे ट्रैक पर उनका शव मिला था। उनकी जेब में अमरिया ब्लाक के कुछ अभिलेख मिले थे, जिन पर सीडीओ एवं बीडीओ के हस्ताक्षर थे। पंचायत सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल ने घटना स्थल पहुंचकर शव की पहचान की थी, लेकिन चेहरा क्षतविक्षत होने से कुछ संदेह था। इस बीच शव मिलने की जानकारी होने पर कृष्ण कुमार के घर वाले भी पहुंचे। उनके 35 वर्षीय पुत्र अखिलेश ने शव का पहचान की। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया। कृष्ण कुमार के परिवार में दो बेटे अखिलेश और राजकुमार हैं। जबकि उनकी पत्नी का एक वर्ष ही निधन हो गया था।