गजरौला। थाना क्षेत्र के गांव शिवनगर निवासी युवक का शव थाने से करीब 100 मीटर दूर हाईवे किनारे खाली पड़े मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक कैंसर पीड़ित बताया जा रहा है।
गजरौला कला क्षेत्र के गांव शिवनगर निवासी रिंकू उर्फ बृजेश्वर जायसवाल (50) करीब पांच वर्ष से गजरौला कस्बे में बाजार मार्ग पर किराये के मकान में रहते थे। पत्नी गीता देवी ने बताया कि रिंकू सोमवार की शाम खाना खाकर घर से कहीं चले गए।
सुबह हाईवे के पास एक खाली पड़े होमगार्ड के मकान में उनका शव फंदे से लटका मिला। पता चला तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पहुंची तो पुलिस ने जांच की। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। लोगों ने बताया कि मृतक कैंसर पीड़ित थे। काफी दिनों से परेशान थे। थाना प्रभारी जगदीप मलिक ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।