बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के एक गांव में नहर में युवक का शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
बुधवार सुबह बरखेड़ा क्षेत्र के अमखेड़ा लखनऊ गांव के बाहर से गुजरी नहर में एक युवक का शव पड़ा देखा गया। पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर प्रधान ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त गांव दौलतपुर पट्टी निवासी छोटेलाल(30) के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों को बुलाया गया। मृतक के पिता राम रतन लाल ने बताया कि उनका पुत्र छोटेलाल मंगलवार सुबह घर से निकला था। करीब 11 बजे तक वह गांव में ही घूमता रहा। इसके बाद वह पड़ोस के ही गांव अमखेड़ा लखनऊ की ओर चला गया। आशंका जताई जा रही है कि गांव से गुजरने वाली अमखेड़ा लखनऊ नहर की पुलिया पर बैठने के वह नहर में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक के शराब का अधिक सेवन करने की बात भी कहते दिखे। मृतक सात भाइयों में पांचवें नंबर का था। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।