फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: दो दिन से लापता युवक का शव पानी भरे गड्ढे में मिला

विज्ञापन
शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची सीओ सदर नताशा गोयल और थाना पुलिस। संवाद
विज्ञापन
धान की फसल की रखवाली करने खेत जाने की बात कहकर निकला था घर से
विज्ञापन

न्यूरिया। दो दिन से लापता 31 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार सुबह रेलवे लाइन के पास पानी से भरे गड्ढे में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम ने लोगों की मदद से शव की पहचान धर्मेंद्र कुमार (31) निवासी ग्राम खजुआ दीननगर के रूप में कराई। सूचना मिलने पर रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र कुमार दो सितंबर की शाम धान की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अगले दिन भी परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश करते रहे। कोई सुराग नहीं मिलने पर बृहस्पतिवार को परिजनों ने थाना न्यूरिया पहुंचकर धर्मेंद्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
विज्ञापन

शुक्रवार सुबह रेलवे लाइन के पास से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर खेत से कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में तैर रहे शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिगंबर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान धर्मेंद्र कुमार के रूप में होते ही परिवार को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखते ही मां रामकली समेत परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर नताशा गोयल भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और परिजनों से धर्मेंद्र के घर से निकलने से लेकर उसके लापता होने तक की जानकारी ली। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मौके से महत्वपूर्ण जानकारी संकलित की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। संवाद

मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट का इंतजार
धर्मेंद्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। युवक पानी भरे गड्ढे में कैसे पहुंचा और उसकी मौत डूबने से हुई अथवा कोई अन्य कारण रहा, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
-
चार भाइयों में तीसरे नंबर का था धर्मेंद्र
धर्मेंद्र कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और अभी अविवाहित था। उसकी मौत की खबर परिवार के लिए किसी सदमे से कम नहीं है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां रामकली का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजनों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीण भी परिवार को ढांढस बंधाते रहे।
विज्ञापन


जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें