अमरिया। चार दिन पहले घर से खेतों की ओर गया युवक रहस्मय ढंग से लापता हो गया। परिजनों की तहरीर पर अमरिया पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। बुधवार शाम युवक का शव स्कूल के सामने गड्ढे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव फुलइया निवासी रामपाल सक्सेना (45) रविवार सुबह लगभग नौ बजे खेतों की तरफ जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने मामले की शिकायत थाना अमरिया में की। अमरिया पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली।
बुधवार शाम लगभग छह बजे गांव में स्कूल की तरफ गए लोगों को पास के गड्ढे से बदबू आती महसूस हुई। इसके बाद गड्ढे में देखा गया तो उसमें शव पड़ा था। सूचना पर पुलिस भी फहुंच गई। परिजनों ने शव की शिनाख्त रामपाल के रूप में की। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता लग सकेगी।