The body of a bullion trader who went out to do Takada was found in the car, was shot in the head
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। अपने घर से तकादा करने के लिए निकले सराफा व्यापारी पवन गोयल (45) की लाश गुरुवार रात दस बजे सड़क किनारे खड़ी अपनी ही कार में मिली। व्यापारी के भाई ने लूट के बाद हत्या का अंदेशा व्यक्त किया है। पुलिस परिजन से घटना की जानकारी कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला चूना वाली गली निवासी पवन गोयल गुरुवार को अपनी कार गांव कुंवरपुर तकादे पर गए। जब नहीं लौटे तो परिजन चिंता में पड़ गए। भाई उनकी तलाश में निकले के क्योंकि पवन गोयल का मोबाइल फोन भी नहीं लग रहा था।
सगे भाई अरुण गोयल ने बताया कि जब वह तलाश में निकले तो रास्ते में पीलीभीत के निकट टनकपुर हाईवे पर गत्ता फैक्टरी के पास पवन गोयल अपनी ही कार में ड्राइविंग सीट पर मृत अवस्था में मिले। उनके सिर में गोली लगी थी। अंगूठी, ब्रेसलेट, सोने की चेन गायब थी। लाइसेंसी पिस्टल गाड़ी में ही पड़ी मिली। पुलिस को आशंका है कि उनकी हत्या की गई।
पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी. का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए टीम गठित की गई। एसओजी को भी लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जैसे ही सूचना मिली, दौड़ पड़े व्यापारी - जैसे ही व्यापारी की लाश उनकी गाड़ी में पड़े होने की सूचना मिली तो तत्काल अन्य व्यापारी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। कोतवाली की पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर पहुंचे परिजन से उनके बारे में जानकारी ली। सीओ ने प्रत्येक बात को नोट किया और छानबीन की।