मजदूर दाताराम के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की गुत्थी और उलझ गई है। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शरीर पर चोट का कोई निशान भी नहीं मिला है। पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजकर तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव जंगरौली निवासी 50 वर्षीय मजदूर दाताराम का शव गुरुवार को खमरिया पुल के पास एक खेत में मिला था। दाताराम छह दिन से लापता थे। शव का चेहरा बिगाड़ने की कोशिश किए जाने से मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। पुलिस भी इसे हत्या का मामला मानकर ही कार्रवाई कर रही थी। मृतक के बड़े बेटे महेश कुमार ने खमरिया की एक महिला से पिता के अवैध संबंध होने की जानकारी पुलिस को दी थी और इसी के चलते महिला तथा उसके तीन रिश्तेदारों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर पुलिलस को दी थी। शनिवार को दाताराम के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मामला उलझ गया। एसओ जहानाबाद जितेंद्र यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। मृतक के शरीर पर चोट का भी कोई निशान नहीं मिला है। ऐसे में फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। अगर कोई तथ्य सामने आता है, जिससे हत्या की बात स्पष्ट हो तो कार्रवाई की जाएगी।