पूरनपुर। सरकारी नौकरी दिलाने के साथ ही सुंदर युवती से शादी कराने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन को प्रेरित करने और विरोध पर गाली-गलौज कर धमकाने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रविवार को थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांवों में ईसाई धर्म का प्रचार करते घूम रहे मुरादाबाद के थाना मूढ़ा पांडे के गांव हिरन खेड़ा निवासी अनोखे लाल को विहिप कार्यकर्ताओं ने जोगराजपुर बाजार में पकड़ लिया था। विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप था कि अनोखे लाल क्षेत्र में घूमकर लोगों को धर्म परिवर्तन को प्रेरित कर रहा है। गांव जोगराजपुर निवासी आरएसएस के मंडल कार्यवाह गौरव गुप्ता की ओर से पुलिस ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
दर्ज कराई रिपोर्ट में गौरव ने कहा कि आरोपी ने उससे मिलकर ईसाई बनने को प्रेरित किया। कहा कि सरकारी नौकरी और सुंदर लड़की से उसकी शादी करवा दी जाएगी। वह इसी तरह के प्रलोभन देकर लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था। इस दौरान आरएसएस के धर्म प्रसार प्रमुख विनीत शर्मा, नवीन तिवारी, सुशील पांडेय, गांव के अभिषेक पांडेय, रामनरेश, अंकित मिश्रा, मनोज कुमार ने इसका विरोध किया। तब आरोपी ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। सेहरामऊ उत्तरी थाने के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि आरोपी अनोखे लाल को गिरफ्तार कर सोमवार को उसका चालान कर दिया गया है। संवाद