पीलीभीत। भाजपा युवा मोर्चा के जिला मंत्री पर जानलेवा हमला और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से तमंचा और चाकू बरामद किया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
जिला मंत्री प्रतीक पांडे की ओर से कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया था कि नौ जून को उनका भाई अक्षत पांडेय अपनी पत्नी को विदा करने के लिए कार से अपनी ससुराल मोहल्ला वल्लभनगर स्थित मूल चंद्र धर्मशाला के पास गया था। इस दौरान आरोपियों ने उसकी थार में तोड़फोड़ कर लूट की थी। घटना के कुछ समय बाद आरोपियों ने उसके आवास के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने जिला मंत्री पर जान से मारने की नीयत से हमलावर किया था।
तिरुपति गोल्डन पार्क निवासी उदित गुप्ता ने जान से मारने की नीयत से गला भी दबाया था। जबकि सिविल लाइन साउथ निवासी कुनाल कश्यप ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया था। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। बुधवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तमंचा और एक चाकू भी बरामद किया गया। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।