बिलसंडा (पीलीभीत)। बमरोली तिराहे पर बृहस्पतिवार शाम बदमाशों ने कपड़ा व्यवसायी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। वह नगर पंचायत चेयरमैन डीके गुप्ता के मामा थे। पुलिस के मुताबिक बदमाश एक साइकिल दुकानदार पर छेड़खानी का आरोप लगाकर उसकी पिटाई कर रहे थे। पप्पू जब बीचबचाव करने पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
एसपी सुकीर्ति माधव मिश्रा ने बताया कि पप्पू गुप्ता की बमरोली तिराहे पर कपड़े की दुकान है। उनके पड़ोस में पंकज कटियार की साइकिल की दुकान है। तीन बाइकों पर सवार आठ बदमाश पंकज की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने लड़की से छेड़खानी की बात कहते हुए पंकज को पीटना शुरू कर दिया। पंकज खुद को बचाने के लिए दुकान से निकलकर फुटपाथ पर आ गया। पप्पू गुप्ता पंकज को बचाने के लिए दौड़ पड़े। बीचबचाव के दौरान बदमाशों ने पप्पू गुप्ता के सीने में तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने पर वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने पप्पू गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद बदमाश बमरोली की तरफ भाग गए।
पारिवारिक विवाद और आरोप
साइकिल दुकानदार पंकज कटियार ने पुलिस को बताया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी ने उस पर और उसके परिजनों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पंकज ने आरोप लगाया है कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने हमला करने के लिए बदमाशों को भेजा था। संवाद
-
सीसी कैमरों से फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है। घटना के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं है। सभी बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। -सुकीर्ति माधव मिश्रा, एसपी