पीलीभीत। अमरिया में सिंचाई विभाग का पुराना भवन तोड़कर नया गैर आवासीय भवन बनाया जाएगा। अटकलें दूर होने के बाद इसके निर्माण के लिए शासन को 16 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। संभावना है कि जल्द ही बजट की मंजूरी मिल जाएगी।
शासन की ओर से अमरिया को 8 दिसंबर 2016 को तहसील का दर्जा दिया गया था। इसके बाद तहसील का काम वहां पर बने सिंचाई विभाग के पुराने भवन में ही शुरु करा दिया गया था। तहसील का खुद का भवन बनाने के लिए प्रशासन की ओर से शासन स्तर पर पत्राचार किया जा रहा था। इसमें कहा जा रहा था कि सिंचाई विभाग की जमीन को राजस्व विभाग के हैंडओवर कर दी जाए।
लंबी प्रक्रिया के बाद दिसंबर में सिंचाई विभाग की जमीन राजस्व विभाग को सौंप दी गई। इसके बाद तहसील भवन निर्माण को लेकर मिट्टी की जांच कराई गई थी। जांच में मिट्टी पास भी हो गई थी। इसके बाद भवन की डिजायन शासन को भेजी गई थी। इसी बीच सिंचाई विभाग की ओर से दो सौ मीटर के दायरे में नया निर्माण न होने की अड़चन आ गई थी। यह मामला शासन स्तर पर पहुंचा था। अब यह अड़चन दूर हो गई है।
शासन से हरी झंडी मिलने के बाद अब सिंचाई विभाग के पुराने भवन को तोड़कर नया तहसील भवन वहां पर बनवाया जाएगा। इसके लिए 16 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसमें गैर आवासीय भवन को पहले शामिल किया गया है। इसके बाद अधिकारियों और कर्मियों के रहने के लिए आवासीय भवन को बनाया जाएगा। अधिशासी अभियंता संजीव कुमार ने बताया निर्माण को लेकर अब कोई दिक्कत नहीं है। सिंचाई विभाग के पुराने भवन को तोड़कर गैर आवासीय भवन को बनाया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।