पीलीभीत के कलीनगर क्षेत्र में सांप के डसने से किशोरी की हालत बिगड़ गई। परिजन झाड़ू-फूंक कराते रहे। काफी देर बाद उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पीलीभीत के कलीनगर क्षेत्र में चारपाई पर लेटी किशोरी को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर परिजन झाड़ फूंक कराने के लिए किशोरी को पास के गांव में ले गए। देर रात सुधार न होने के बाद किशोरी को सीएचसी पूरनपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
विज्ञापन
माधोटांडा क्षेत्र के गांव नारायणपुर बुजुर्ग निवासी अखिलेश कुमार की 16 वर्षीय पुत्री रजनी सोमवार दोपहर घर के कमरे में दीवार के निकट चारपाई पर सो रही थी। उसका एक हाथ चारपाई के नीचे लटक रहा था। इस दौरान दीवार के सहारे आए सांप ने उसके हाथ में डस लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजन झाड़ फूंक कराने के लिए किशोरी को पास के गांव में लेकर पहुंचे। झाड़ फूंक कराने के बाद किशोरी को घर ले आए। देर रात उसकी हालत फिर बिगड़ गई। जिसके बाद परिजन उसे लेकर पूरनपुर सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि जानकारी के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।