संवाद न्यूज एजेंसी
बरखेड़ा। थाना बरखेड़ा क्षेत्र में किशोरी को मोबाइल फोन पर लगातार परेशान करने, अश्लील हरकतें करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी ने बताया कि दियोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिधौरा बिंदुआ निवासी भरत कुमार उसके मोबाइल पर लगातार व्हाट्सएप चैटिंग करता था और फोन पर अश्लील मैसेज भेजता था। किशोरी और उसके परिजनों ने जब इसका विरोध करते हुए फोन करने से मना किया तो आरोपी ने कथित तौर पर अपने एक अज्ञात दोस्त के माध्यम से दूसरा मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया।
आरोप है कि इसके बाद नए नंबर से भी किशोरी को लगातार फोन किए जाने लगे। साथ ही किशोरी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी गईं। लगातार परेशान किए जाने और धमकियां मिलने से किशोरी का परिवार भयभीत है। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।