पेट्रोल पंपों के खिलाफ चल रहे चेकिंग अभियान में टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। बरेली रोड स्थित नरायन पेट्रोलपंप की मशीन में गड़बड़ी मिली है। टीम ने पंप की मशीन को सीज कर दिया है। इसके अलावा चार अन्य पेट्रोल पंपों की जांच की गई। शासन के निर्देश पर पेट्रोल पंपों पर छापा मारने के लिए डीएम ने दो टीमों का गठन किया था। बृहस्पतिवार को दोनों टीमों ने अलग- अलग क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। सिटी मजिस्ट्रेट राजित राम प्रजापति के नेतृत्व वाली टीम ने शहर के असम रोड स्थित भारत सर्विस स्टेशन और बरेली रोड स्थित नरायन फिलिंग स्टेशन पर छापा मारकर जांच की। छापा के दौरान बरेली रोड स्थित नरायन फिलिंग सेंटर पर टीम ने गड़बड़ी पकड़ ली। जांच में टीम ने पाया कि पेट्रोल की मात्रा/ दाम अंकित करने को मशीन पर लगे फीडिंग बोर्ड के नौ नंबर का बटन काफी दबा हुआ था। मशीन चलाकर इसे चैक किया गया। बटन दबते ही मशीन बंद हो गई। टीम ने ऐसा कई बार किया, लेकिन हर बार में बटन दबते ही मशीन बंद हो जाती थी। इस पर टीम ने मशीन खोलकर देखा तो अंदर किसी तार को फीडिंग बोर्ड के नौ नंबर वाले बटन में जुड़ा पाया गया। हालांकि पल्स मीटर की रीडिंग ठीक काम कर रही थी। पेट्रोल पंप स्वामी एवं स्टाफ भी इस पर कोई सही जानकारी नहीं दे सका। इस पर टीम ने मशीन को सील करा दिया। टीम के सदस्य जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया गड़बड़ी सामने आई है। तकनीकी टीम बुलाकर इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। उधर, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सूरज यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने पूरनपुर क्षेत्र के तीन पेट्रोल पंपों पर जांच की।