हंगामे की जांच करने पहुंची टीम, छात्रों की सुनी बात, अभिभावकों से भी किया संपर्क, छात्रों के फोन के फोटो खींचे
बीसलपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ रीजन के आयुक्त की ओर से गठित टीम ने शनिवार को विद्यालय में गत दिवस हुए छात्रों के हंगामे की जांच की। जांच के चलते दूसरे दिन भी विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित रहा।
जवाहर नवोदय विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा 12 के छात्रों ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पूरे दिन हंगामा किया था। नाराज छात्रों का समूह विद्यालय से निकलकर पीलीभीत-शाहजहांपुर हाईवे पर पहुंच गया। रोहनिया चौराहे पर आंदोलनकारी 12वीं के छात्रों के साथ ही 10वीं व 11वीं कक्षा के छात्र भी हंगामे में शामिल हो गए। छात्रों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कथित उत्पीड़न के विरोध प्रदर्शन किया था। हंगामा के कारण विद्यालय में शिक्षण कार्य ठप रहा था। शाम को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाकर बमुश्किल शांत किया था।
मामला संज्ञान में आने पर जवाहर नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ रीजन के आयुक्त ने मामले की जांच के लिए तीन अधिकारियों की कमेटी गठित कर दी। गठित कमेटी के अधिकारियों ने शनिवार को नवोदय विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। टीम के अधिकारियों ने कक्षा 12 के छात्रों से वार्ता की। स्टाफ के लोगों के भी बयान दर्ज किए। अधिकारियों ने छात्रावास के उस कमरे का भी निरीक्षण किया, जिसमें छात्रों ने स्वयं को बंद कर लिया था।
प्राचार्य प्रतिभा चौधरी ने छात्रों के आवास से बरामद 14 मोबाइल फोन जांच टीम के अधिकारियों को दिखाए। जांच टीम ने उन मोबाइल फोन के फोटो लिए। प्राचार्य ने जांच टीम के अधिकारियों को बताया कि कक्षा 12 के कुछ छात्रों पर कक्षाओं में बिलंब से पहुंचने और अनधिकृत रूप से मोबाइल फोन रखने के आरोप थे। मोबाइल फोन बरामद होने से छात्र भड़क गए थे। जांच करने वाले अधिकारियों ने कुछ अभिभावकों से भी बात की। संवाद
यह कमी आई सामने
जांच टीम को पता चला कि चालू शिक्षण सत्र में अभी तक एक भी अभिभावक संघ की बैठक नहीं हुई, जिससे शिक्षकों और अभिभावकों में समन्वय की कमी रही। उन्होंने प्राचार्य को शिक्षक अभिभावक संघ की बैठक निर्धारित समय पर कराने के निर्देश दिए। जांच करने वाले अधिकारियों में जवाहर नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ रीजन के सहायक आयुक्त डॉ. वीके सिंह और जवाहर नवोदय विद्यालय शाहजहांपुर के प्राचार्य ऋषि पाल शामिल रहे। जांच दल में जवाहर नवोदय विद्यालय चंपावत के प्राचार्य को भी शामिल किया गया था, लेकिन किसी कारण वह नहीं आ सके। दो अधिकारियों ने ही जांच पूरी की। शाम को जांच अधिकारी वापस लौट गए। सहायक आयुक्त ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी तो गलती करते ही रहते हैं। विद्यार्थियों की बात सही ढंग से सुन ली गई है। जांच रिपोर्ट आयुक्त को प्रेषित कर दी जाएगी।