पीलीभीत। जिले के शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सितंबर व अक्तूबर महीने का मानदेय नहीं मिला है। शासन से अनुदान जारी होने के एक महीने बाद भी भुगतान न होने से उनके परिवार त्योहारों के बीच समस्याएं हो रही है। इसको लेकर सभी ने राज्यमंत्री से मिलकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
जिले में परिषदीय स्कूलों में करीब 1435 शिक्षामित्र और 580 अनुदेशक कार्यरत हैं। आरोप है कि विभागीय नजरअंदाजी के कारण मानदेय का भुगतान रुका है। आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रामसिंह राठौर ने बताया कि रविवार को प्रदेश के राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार को पत्र लिखा गया है। आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष महेंद्र पाल वर्मा ने बताया कि अधिकारियों से मानदेय के लिए गुहार लगाई। मानदेय न मिलने से बच्चों की फीस, परिवार का खर्च और त्योहारों की खरीदारी प्रभावित हुई है। एसोसिएशनों ने मंत्री से मिलकर तत्काल हस्तक्षेप कर मानदेय दिलवाने की मांग की है। संवाद