पीलीभीत। शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और शिक्षामित्र व अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा से उनमें खुशी की लहर है। सीएम की घोषणा के बाद शिक्षकों, शिक्षामित्रों और रसोइयों का कहना है यदि इस पर अमल हुआ तो ये निर्णय लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान साबित होगा।
शुक्रवार को शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि प्रदेश भर में इन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा। सीएम ने यह घोषणा करते हुए कहा कि इससे शिक्षा जगत से जुड़े हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय भी बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आर्थिक सहयोग मिलेगा, बल्कि शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री की घोषणा से जिले के करीब दस हजार शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशकों और रसोइया को लाभ मिल सकेगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि जिले में शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक की संख्या करीब 6500 है। वहीं रसोइयों को जोड़कर यह संख्या दस हजार है। वहीं डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग में राजकीय और एडेड स्कूलों के करीब 500 शिक्षक हैं। राजकीय शिक्षक पहले से ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ ले रहे हैं, लेकिन अब एडेड शिक्षकों को भी इसका लाभ मिल सकेगा। जिले में करीब 150 एडेड शिक्षक हैं।
राहत भरी घोषणा, लेकिन अमल का रहेगा इंतजार
मुख्यमंत्री का निर्णय स्वागत योग्य है। वर्ष 2022 में कैश लैश सुविधा पर प्रीमियम रखी गई थी, अगर हमें अन्य कर्मचारियों की तरह यह सुविधा दी जाएगी तो सराहनीय कदम हैं। - महेंद्र गंगवार, इंचार्ज उच्च प्राथमिक विद्यालय, बर्रामऊ
अध्यापकों के हित में लिया गया निर्णय स्वागत योग्य है। अब इस पर अमल कब होता है, इसका इंतजार रहेगा। इलाज के समय सबसे बड़ी चिंता पैसों की होती थी। कैशलेस सुविधा से यह समस्या खत्म हो जाएगी।- मोहम्मद फैसल, इंचार्ज उच्च प्राथमिक विद्यालय, खजुरिया पचपेड़ा
रसोइयों के हित में लिया गया यह निर्णय स्वागत योग्य है। उम्मीद है कि जल्द ही अन्य बेहतर निर्णय भी सरकार लेगी। इलाज कराने में आसानी होगी। - माया देवी, रसोईया, पचपेड़ा
महेंद्र गंगवार
महेंद्र गंगवार