डीएम मासूम अली सरवर ने प्रत्याशियों की बैठक कर आचार संहिता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी अपने दैनिक खर्चों का लेखा जोखा रखें और समय से उसे चुनाव कार्यालय को उपलब्ध कराएं। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को दोपहर बाद डीएम ने मंडी समिति में बने प्रशिक्षण हाल में अधिकारियों और प्रत्याशियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी शांति पूर्वक आचार संहिता का पालन करते हुए चुनाव प्रचार करें। इस दौरान कुछ भी ऐसा न करें जिससे दूसरे पक्ष को दिक्कत हो अथवा माहौल खराब हो। डीएम ने हिदायत दी कि यदि प्रत्याशी आचार संहिता का उल्लंघन करते पाए गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने मतदान के दिन प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लाने ले जाने के लिए वाहनों के प्रयोग को गलत बताया। उन्होंने अधिकारियों से मतदान के दिन वाहनों में मतदाता मिलने पर वाहन को सीज कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने सोमवार को रवाना होने वाली पार्टियों के लिए चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान एसपी जवाहर, एडीएम अजयकांत सैनी, सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र कुमार शर्मा, सभी एसडीएम, जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रत्याशी मौजूद रहे।