पीलीभीत-टनकपुर रेल मार्ग पर ब्राडगेज कार्य के चलते 15 मई से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक ने आदेश जारी कर दिए हैं।
भोजीपुरा-पीलीभीत-टनकपुर खंड की आमान परिवर्तन योजना को वर्ष 2007-08 में रेल मंत्रालय ने मंजूरी दी थी। करीब 101.79 किमी लंबे इस रेल मार्ग का दो चरणों में आमान परिवर्तन कार्य किया जाना था। प्रथम चरण में भोजीपुरा से पीलीभीत तक आमान परिवर्तन कार्य चल रहा है। इसके चलते इस रेल मार्ग पर एक जनवरी से ब्लाक भी लिया जा चुका है। इसके दूसरे चरण के तहत पीलीभीत से टनकपुर तक आमान परिवर्तन का कार्य किया जाना है। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे के उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक आलोक कुमार सिंह ने पीलीभीत-टनकपुर रेल मार्ग को आमान परिवर्तन कार्य के लिए 15 मई से बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रमुख सचिव परिवहन को पत्र भेजकर रेलमार्ग के ब्लाक होने की जानकारी दे दी है। उधर, शासन ने डीएम को पत्र भेजकर पीलीभीत और टनकपुर से आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए परिवहन व्यवस्था के माकूल इंतजाम के आदेश दिए हैं। डीएम मासूम अली सरवर ने परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पीलीभीत टनकपुर मार्ग पर रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एसके वर्मा ने बताया कि उन्हें टनकपुर रूट पर ट्रेनों का संचालन 15 मई से बंद होने संबंधी पत्र मिला है। उक्त मार्ग पर यात्रियों की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए बसों की पर्याप्त व्यवस्था करने के प्रयास किए जाएंगें।
मंडल कार्यालय को नहीं है जानकारी
पीलीभीत-टनकपुर रेल मार्ग पर 15 मई से होने वाले ब्लाक के संबंध में जब इज्जतनगर मंडल कार्यालय से दूरभाष से संपर्क किया गया तो पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि ब्लाक संबंधी अभी उनके पास कोई जानकारी नहीं है।
वर्तमान में छह ट्रेनों का हो रहा है संचालन
भोजीपुरा-पीलीभीत रेल मार्ग पर एक जनवरी से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। इसके बाद पीलीभीत से ही सभी ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। वर्तमान में टनकपुर रुट पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों समेत छह ट्रेनें चलाई जा रही है।