- राज्यपाल की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने खींचा खाका
- चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे 272 पुलिसकर्मी
- फ्लीट आते-जाते समय बंद होगा टनकपुर हाइवे
- टनकपुर हाइवे रूट दो जोन चार सेक्टरों में बांटा
राज्यपाल कल आएंगे, उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने खाका तैयार कर लिया है। फ्लीट के आने-जाने से 20 मिनट पहले टनकपुर हाइवे पर कचहरी और डिग्री कॉॅलेज के पास यातायात रोक दिया जाएगा। कचहरी से डिग्री कॉलेड चौराहा तक राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था में एक एएसपी, छह सीओ समेत 272 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। बाहरी जिलों से आए फोर्स की डीएम और एसपी ने पुलिस लाइन में ब्रीफिंग की और सतर्कता को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
राज्यपाल हेलीकाप्टर से सुबह पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। वह टनकपुर हाइवे से होते हुए संस्कार भारती के कार्यक्रम में शामिल होने ओकेजन बैंक्वेट हाल पहुंचेंगे। इसको लेकर टनकपुर हाइवे को दो जोन और चार सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा में एक एएसपी, छह सीओ, पांच इंस्पेक्टर, 10 एसओ, 38 एसआई, 27 एचसीपी, 168 सिपाही, आठ महिला आरक्षी, 10 यातायात सिपाही और दो प्लाटून व डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात रहेगी। राज्यपाल का काफिला आते-जाते समय कोई अवरोध न हो। इसके लिए फ्लीट आने-जाने के 20 मिनट पहले टनकपुर हाइवे पर यातायात रोका जाएगा। चौराहों आदि पर बैरियर लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए शाहजहांपुर, बरेली और बदायूं से आए फोर्स ने जिले में आमद दर्ज करा दी है। दोपहर करीब दो बजे डीएम मासूम अली सरवर और एसपी अनिल कुमार सिंह ने फोर्स की ब्रीफिंग की और सुरक्षा को लेकर जरूरी टिप्स दिए। इस दौरान एएसपी विकास कुमार वैद्य भी मौजूद रहे।
कहां पर कितनी तैनात होगी फोर्स
हैलीपैड की सुरक्षा व्यवस्था में एक सीओ, दो एसओ, दो एसआई, आठ एचसीपी, 16 सिपाही, दो महिला सिपाही, एक प्लाटून पीएसी रहेगी। फ्लीट व्यवस्था में एक सीओ, दो एसआई, दो एचसीपी, सात सिपाही रहेंगे। मार्ग व्यवस्था की कमान दो सीओ, एक इंस्पेक्टर, चार एसओ, 11 एसआई, 15 एचसीपी, 66 सिपाही और 10 यातायात पुलिसकर्मी संभालेंगे। कार्यक्रम स्थल पर एक एएसपी, दो सीओ, चार एसओ, 16 एसआई, 48 सिपाही छह महिला सिपाही व एक प्लाटून पीएसी लगाई गई है। सेफ हाउस पुलिस लाइन में एक इंस्पेक्टर, एक एसआई व चार सिपाही रहेंगे। सेफ हाउस जिला अस्पताल में एक इंस्पेक्टर, एक एसआई और चार सिपाही मौजूद रहेंगे। पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर एक इंस्पेक्टर, दो एसआई और छह सिपाही रहेंगे। एक इंस्पेक्टर, तीन एसआई, दो एचसीपी, 17 सिपाही और डेढ़ सेक्शन पीएसी थाना सुनगढ़ी पर रिजर्व की गई है। हैलीपैड की सुरक्षा का जिम्मा बरेली के फरीदपुर सीओ धर्मवीर सिंह मार्छाल और फ्लीट का नेतृत्व सीओ पूरनपुर राजेश्वर सिंह करेंगे।