खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने मंगलवार को पीलीभीत और पूरनपुर मंडी के साथ एक राइस मिल में छापा मारकर धान खरीद व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अनियमितता मिलने पर शहर की एक राइस मिल का लाइसेंस निलंबित कर दिया वहीं एक किसान का धान बिकवाने के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोपी न्यूरिया के एक हैंडलिंग ठेकेदार पर एफआईआर के आदेश दिए। पीलीभीत मंडी में निरीक्षण के दौरान एक सेंटर पर अनियमितता मिलने पर उसकी सेंटर इंचार्ज पर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए, वहीं पूरनपुर के एक विपणन अधिकारी को निलंबित कर दिया। राज्यमंत्री के इस निरीक्षण और कार्रवाई से क्रय केंद्रों, मंडी व राइस मिलों में हड़कंप मचा है।
धान खरीद में लगातार मिल रही गड़बड़ी की शिकायतों पर मंगलवार को राज्यमंत्री ने सुबह करीब 11 बजे मंडी समिति में छापा मारा। गेट पर घुसते ही लोड खड़े ट्रक की जानकारी मांगी, संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने ट्रक की जांच के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने मंडी में लगे क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इसमें मार्केटिंग के सेंटर पर इंचार्ज सीमा गुप्ता ने स्टाक रजिस्टर में मात्र 20 नवंबर तक की ही खरीद अंकित कर रखी थी। इसपर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पीसीएफ एवं अन्य एजेंसियों के क्रय केंद्र देखे। व्यवस्थाएं ठीक न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और सभी क्रय केंद्रों पर अब तक किन-किन किसानों से धान खरीद हुई उस किसान का नाम, मोबाइल नंबर, पेमेंट आदि की डिटेल से रिपोर्ट तलब की है। इस दौरान टांडा बिजैसी के किसान दिलवेंदर सिंह ने न्यूरिया क्रय केंद्र पर रिश्वत मांगने की शिकायत की। इस पर राज्यमंत्री के निर्देश पर जांच के बाद शाम को केंद्र के हैंडलिंग ठेकेदार निहाल अहमद के खिलाफ डिप्टी आरएमओ की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। सरकारी क्रय केंद्र के बाद वह आढ़तों पर चल रही कमीशन खरीद देखने पहुंचे। यहां अनुराग ट्रेडिंग पर निरीक्षण के दौरान उन्हें बताया गया कि राइस मिलों पर अवैध धान का स्टाक कराया जा रहा है। इसके बाद राज्यमंत्री का काफिला पूरनपुर रोड स्थित महालक्ष्मी राइस मिल पहुंचा। यहां मिल परिसर में लगे धान का स्टाक चेक कराने पर 350 बोरी का अंतर मिला। इस पर उन्होंने डिप्टी आरएमओ को मिल का लाइसेंस निलंबित करने निर्देश दिए। पीलीभीत के बाद उन्होंने पूरनपुर मंडी पहुंचकर निरीक्षण किया। उनके साथ सपा के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर, निजी सचिव धर्मेंद्र भदौरिया, डिप्टी आरएमओ सुरेश यादव, मंडी सचिव मनीष सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
पूरनपुर। मंडी समिति में मार्केटिंग के क्रय केंद्र पर किसान भजन लाल पांडेय ने एक माह से धान के साथ सेंटर पर मौजूद होने के बाद भी खरीद न होने की शिकायत की। इस पर उन्होंने विपणन अधिकारी मिथलेश कुमार को निलंबित करने के आदेश दिए। निरीक्षण में राज्यमंत्री को कमीशन खरीद की एक आढ़त बंद मिली। जिस पर उन्होंने उसके अभिलेख तलब किए। उन्होंने 23 नवंबर तक खरीद न करने वाले कमीशन एजेंटों को ब्लैक लिस्टेड करने के भी निर्देश डिप्टी आरएमओ को दिए। मंडी समिति सचिव प्रवीण कुमार अवस्थी ने बताया कि गायब मिले कमीशन एजेंट को नोटिस जारी कर अभिलेख तलब किए गए हैं।