डीएम ने मौके पर पहुंचकर देखी स्थिति, सभी तहसीलों के एसडीएम ने भी जुटाई जानकारी
पीलीभीत। जिले में हुई मूसलाधार बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह स्वयं खेतों में पहुंचे। सभी तहसीलों के एसडीएम ने भी फसल नुकसान की जानकारी जुटाई। डीएम ने अधीनस्थों को फसल नुकसान का सर्वे कर जल्द रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया है।
बुधवार को जिले में आंधी व मूसलाधार बारिश से किसानों की गेहूं व सरसों की फसल को काफी नुकसान हुआ। बृहस्पतिवार को डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने न्यूरिया क्षेत्र में पहुंचकर किसानों की फसलों का हाल जाना। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तेज हवा और जलभराव के कारण गेहूं की तैयार फसल जमीन पर गिर गई है। इससे उत्पादन और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। डीएम ने किसानों से भी बात की। इस मौके पर एसपी सुकीर्ति माधव, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।
एसडीएम ने लिया बारिश से फसल के नुकसान का जायजा
अमरिया। बारिश से गेहूं की फसल को हुए नुकसान का एसडीएम ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम कल्याणपुर चक्रतीर्थ और सहगवां नगरिया का दौरा कर प्रभावित किसानों से बातचीत की। नुकसान की स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम मयंक गोस्वामी ने बताया कि बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। फसल क्षति के आकलन के लिए लेखपालों को निर्देश दिए गए हैं कि आकलन तत्काल और सटीक रूप से किया जाए, ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके। इसके अलावा उन्होंने प्रधान और कोटेदार से बातचीत कर राहत एवं सहायता व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संवाद