पूरनपुर। भीषण गर्मी में बिजली कटौती के विरोध में शनिवार को लोगों ने उपकेंद्र घेरकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वहां जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया। आए दिन लोकल फॉल्ट से बिजली गुल होने और समय पर मरम्मत न होने को लेकर लोगों में आक्रोश है।
सप्ताह भर से बेपटरी चल रही नगर की बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। शनिवार शाम को पूरे कस्बे की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। रात 8:30 बजे पंचमदास इंटर कॉलेज के समीप फाॅल्ट से करीब 400 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। घुंघचाई चौराहा के समीप फाॅल्ट से फीडर चार की बिजली आपूर्ति बाधित हुई। पौने नौ बजे पूरनपुर देहात के मोहल्ला ढका में परिषदीय स्कूल के पास फाॅल्ट से फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
फीडर नंबर एक में धानुकों वाली गौटिया में फाॅल्ट से फीडर नंबर एक की बिजली गुल हो गई। सवा नौ बजे स्टेशन रोड पर स्टेशन चौराहा के समीप फाॅल्ट से फीडर नंबर तीन की बिजली चली गई। पंकज कॉलोनी में फॉल्ट से यहां भी करीब 30 मिनटक तक संकट रहा। आदर्श नगर कॉलोनी, अशोक कॉलोनी, सुपर मार्केट की बिजली आपूर्ति पौन घंटे ठप रही।
रामलीला मेला मैदान के गेट पर रखे 100 केवीए ट्रांसफार्मर में फाॅल्ट से फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति एक घंटा ठप रही। स्टेशन रोड पर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना के घर के समीप फाॅल्ट से यहां की बिजली भी बाधित हो गई। कटौती के विरोध में मोहल्ला बमनपुरी, सीमेंट रोड के कई लोग उपकेंद्र पहुंच गए। उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना पर पहुंचे कोतवाल राजीव शर्मा ने लोगों को शांत कराया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई। इसके बाद लोग घरों की ओर लौटे।
-
कहीं तार टूटे तो कहीं ट्रांसफार्मर ने दिया धोखा
पीलीभीत। शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार न होने से उपभोक्ता परेशान हैं। रविवार को कई इलाकों में फॉल्ट के चलते घंटों बिजली गुल रही। खकरा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुंकने से कई घंटे बिजली नहीं आई। अग्रवाल सभा क्षेत्र में अधिक दिक्कत हुई। यहां करीब चार घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से करीब दो हजार उपभोक्ता परेशान हुए। नई बस्ती, गैस चौराहा, आसफजान में भी दो घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति गुल रही। राम विहार और सनराइज कॉलोनी में भी दो घंटे आपूर्ति बाधित रही। अवर अभियंता जहांगीर आलम ने बताया कि जानकारी मिलते ही फॉल्ट को दुरुस्त करा दिया गया। संवाद